SBI ग्राहक सेवा केंद्र संचालक लाखों हड़पकर फरार, दो दर्जन से अधिक पीड़ितों ने किया शाखा का घेराव

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ , काकोरी, अमृत विचार: कस्बा स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र का संचालक खाताधारकों को लाखों की चपत लगाकर फरार हो गया है। पीड़ित खाताधारक बैंक से लेकर अधिकारियों की चौखट नाप रहे हैं। शुक्रवार को दो दर्जन से अधिक महिला व पुरुष स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की काकोरी शाखा पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। पीड़ितों का कहना है कि उनकी गाढ़ी कमाई ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से जमा कराई गई थी, लेकिन अब न तो पैसा मिल रहा है और न ही संचालक का कोई पता है। शाखा प्रबंधक और काकोरी पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि ग्राहक सेवा केंद्र का संचालनकर्ता नरेंद्र कुमार निवासी ग्राम बिगहूं काकोरी ने अधिक मुनाफा कमाने के लालच में खाताधारकों की रकम शेयर बाजार में लगवायी। नुकसान होने के बाद वह केंद्र पर ताला बंद कर फरार हो गया

पीड़ितों में अजमतनगर निवासी किरन के 95 हजार रुपये, मुबारकपुर निवासी शिवकुमार के 40 हजार, सावित्री के 30 हजार रुपये समेत दर्जनों खाताधारकों की रकम शामिल है। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बैंक प्रशासन का कहना है कि खाताधारकों की शिकायतों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार