दिल्ली-NCR की हवा हुई साफ, लेकिन येलो अलर्ट जारी... दूसरे शहरों में कोहरे के कारण 72 उड़ानें रद्द
दिल्ली। राजधानी में शनिवार सुबह हवा की स्थिति में मामूली सुधार दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह के समय घने कोहरे के कारण 'येलो अलर्ट' जारी किया। इस कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित रही। सुबह करीब आठ बजे राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 235 दर्ज किया गया। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 248, रोहिणी में 270, आईटीओ में 219, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में 148 दर्ज किया गया।
शनिवार को 72 उड़ानें रद्द, 300 से ज्यादा में देरी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को खराब मौसम के कारण 72 उड़ानें रद्द रहीं और 300 से अधिक की उड़ानों की आवाजाही में देरी हुई। दिल्ली में आज सुबह कोहरा नहीं था, लेकिन देश के दूसरे हिस्सों में कोहरे के कारण वहां से आने वाली और वहां जाने वाली उड़ानें रद्द रहीं। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विमान सेवा कंपनियों ने आज दिल्ली आने वाली 34 और यहां से जाने वाली 38 उड़ानें रद्द कीं।
इसके अलावा 300 से अधिक उड़ानों में देरी की भी सूचना है। उल्लेखनीय है कि आज दिल्ली में रनवे पर दृश्यता ठीक रही, लेकिन दूसरे शहरों में कोहरा रहा। विमान सेवा कंपनियों ने धर्मशाला, भुवनेश्वर, इंदौर, दरभंगा और हैदराबाद में कोहरा होने की सूचना देते हुए यात्रियों को अपनी उड़ान की ताजा स्थिति जानने के लिए वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संपर्क करने की सलाह दी है।
