बाराबंकी : पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शाही सवारी, गूंजा वाहेगुरु देखें तस्वीरें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर आस्था का सैलाब

बाराबंकी, अमृत विचार। सिखों के दसवें गुरु, सरवंशदानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को लाजपत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाही सवारी की अगुवाई पंच प्यारों ने की। गुरु ग्रंथ साहिब जी की शोभायात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने मार्ग की सफाई कर और पुष्प वर्षा कर यात्रा की शोभा बढ़ाई। 

1

शाही सवारी के आगे-आगे सिख महिलाएं सेवा भाव से झाड़ू लगाते हुए और फूल बरसाते हुए वाहेगुरु की महिमा में चार चांद लगाती रहीं। पंजाब से आए बीर खालसा ग्रुप और हलदा पाइप बैंड, दिल्ली से आई पंजाबी आर्कैस्टा पार्टी तथा अमृतसर दरबार साहिब से आए पाई परमजीत सिंह (नरसिंगा वादक) शोभायात्रा के आकर्षण का केंद्र रहे। बीर खालसा ग्रुप के प्रेसिडेंट सरदार कंवलजीत सिंह व दुनिया के सबसे लंबे व्यक्ति सरदार जगदीप सिंह द्वारा दिखाए गए अद्भुत करतबों ने नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

1

शाही सवारी गुरुद्वारा परिसर से प्रारंभ होकर छाया राजकमल, ईदगाह, सट्टी बाजार, घंटाघर, धनोखर, निब्लेट चौराहा, बेगमगंज होते हुए पुनः गुरुद्वारा परिसर पहुंची। छाया चौराहे पर विधायक सुरेश यादव, कैलाश आश्रम पर भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन एवं गुरदीप सिद्धू के नेतृत्व में पंच प्यारों का स्वागत कर प्रसाद वितरित किया गया, जहां पूर्व सांसद उपेंद्र रावत और नवीन सिंह भी उपस्थित रहे। राजकमल चौराहे पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने भाजपा नेता डॉ. विवेक वर्मा के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया। 

9

दर्पण सिनेमा पर सरदार आलोक सिंह और सरदार राजा सिंह ने अपने अधिवक्ता साथियों के साथ स्वागत किया। मेन बाजार में व्यापारी नेता विनोद गाबा, चरनजीत गाबा और मिंटू गाबा ने अपने प्रतिष्ठानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिसमें संतोष सिंह, संदीप बाथम और प्रभात वर्मा भी शामिल रहे। धनोखर में नगर पालिका चेयरमैन शीला सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र वर्मा, दिनेश वैश्य, पंकज गुप्ता पंकी, धर्मेंद्र यादव, प्रदीप जैन और रवीन्न खजांची ने स्वागत किया। 

0

शाही सवारी में हर वर्ष की भांति इस बार भी पंजाब से आए कंवलजीत सिंह के वीर खालसा ग्रुप की गतका पार्टी, दिल्ली से हैप्पी रंधावा की पंजाबी आर्केस्ट्रा पार्टी के सेवादारों द्वारा कीर्तन-जसगायन तथा लुधियाना से कुलदीप सिंह व उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत हलदा पाइप बैंड की मधुर धुनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। लखनऊ से आई संगत ने पूरे मार्ग में गुरु जसगायन किया। 

शोभायात्रा के समापन के बाद गुरुद्वारा परिसर में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात भव्य आतिशबाजी भी की गई। कार्यक्रम में प्रधान सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार चरनजीत सिंह, सरदार हरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत एवं सेवादार उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार