Bareilly: हल्की धूप से भी नहीं राहत, मुजफ्फरनगर के बाद प्रदेश में सबसे ठंडा रहा दिन
बरेली, अमृत विचार। जिले में लोगों को ठंड से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार को कुछ देर तक निकली हल्की धूप भी ठंडी हवाओं की वजह से बेअसर रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम 14.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में मुजफ्फरनगर के बाद बरेली का दिन सबसे ठंडा रहा।
मुजफ्फरनगर में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शीतलहर का असर पूरे दिन साफ दिखाई दिया। सुबह के समय कोहरा छाने से दृश्यता कम रही। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी राहत के आसार नहीं हैं।
4 जनवरी को घने कोहरे का ओरेंज और 5 और 6 जनवरी को ओरेंज अलर्ट है, हालांकि इसके बाद कोई अलर्ट नहीं है, हालांकि आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
