रामपुर: बिलासपुर में सड़क हादसा...अनियंत्रित बाइक ने दंपत्ति को रौंदा, पति की मौत, पत्नी घायल
बिलासपुर, अमृत विचार। थाना बिलासपुर क्षेत्र में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय त्रिमल सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद शाहजहाँपुर के ग्राम नवीची (थाना वांडा) के निवासी थे। त्रिमल सिंह पिछले कुछ समय से अपने परिवार के साथ बिलासपुर के ईसानगर में रहकर मजदूरी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे त्रिमल अपनी पत्नी के साथ कहीं से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मोटरसाइकिल छोड़कर चालक फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपत्ति को अस्पताल पहुँचाया गया। बिलासपुर सीएचसी में इलाज के दौरान त्रिमल सिंह ने आज सुबह 6 बजे घावों के ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी का उपचार फिलहाल जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। रविवार सुबह 10 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले मोटरसाइकिल सवार की तलाश की जा रही है।
