यूपी का धमाकेदार स्पिनर... 47 ओवर में 17 विकेट झटककर विजय हजारे ट्रॉफी में तहलका मचा रहा SRH का ये गेंदबाज

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश के युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में आग उगल रहे हैं। उत्तर प्रदेश टीम की तरफ से खेलते हुए उन्होंने अपनी फिरकी के जादू से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और टीम को कई जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस सीजन में वे पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं, कुल 17 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं।

जीशान का कमाल प्रदर्शन

जीशान ने अब तक टूर्नामेंट में 5 मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 47 ओवर फेंके और महज 13.06 के शानदार औसत से 17 विकेट चटकाए। खास बात ये कि उन्होंने दो बार चार विकेट हॉल लिया और पिछले तीन मैचों में लगातार तीन या उससे ज्यादा विकेट अपने नाम किए। उनकी googly और लेग ब्रेक बल्लेबाजों के लिए पहेली बनी हुई है।

IPL में SRH का ट्रंप कार्ड

जीशान सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। IPL 2025 मेगा ऑक्शन में SRH ने उन्हें 40 लाख रुपये में खरीदा था। पिछले सीजन में उन्हें 10 मैचों में मौका मिला, जहां उन्होंने 6 विकेट लिए। अब उनका ये धमाकेदार फॉर्म IPL 2026 से पहले SRH के लिए बड़ी खुशखबरी है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन करके साफ दिखाया कि वे उन पर बड़ा दांव लगा रहे हैं!

UP T20 लीग में भी मचाया था धमाल

विजय हजारे से पहले जीशान ने UP T20 लीग 2025 में मेरठ मैवरिक्स के लिए कमाल किया था। 13 मैचों में उन्होंने 15 विकेट झटके और टीम को कई अहम जीत दिलाई। अब उनकी नजरें विजय हजारे के बाकी मैचों और फिर IPL 2026 पर हैं, जहां वे इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे। जीशान की ये परफॉर्मेंस घरेलू क्रिकेट में लेग स्पिन की नई उम्मीद जगाती है। फैंस को इंतजार है कि IPL में वे क्या करिश्मा दिखाते हैं!

 

संबंधित समाचार