रायबरेली : शिवगढ़ थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की अचानक बिगड़ी तबियत, मौत
शिवगढ़/रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली के शिवगढ़ थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की अचानक हालत बिगड़ गई। साथी पुलिस कर्मियों ने पुलिस वाहन से उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस कर्मियों के मुताबिक शिवगढ़ थाने में तैनात मुन्नीलाल (53) पुत्र मंगली प्रसाद निवासी मछरेहटा जनपद सीतापुर रविवार की शाम थाने में स्थित मेश में साथी पुलिस कर्मियों के साथ बैठे थे।
तभी उनकी अचानक हालत बिगड़ने पर स्टॉफ पुलिसकर्मियों द्वारा थाने की गाड़ी से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार शुक्ला ने स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन स्टाफ ने साथी पुलिस कर्मी की ईसीजी कराकर हार्टबीट की स्थिति की जानकारी लेने के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कराया और निजी वाहन से उसे जिला अस्पताल लेकर चले गए।
चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले पुलिस कर्मी मुन्नीलाल की मौत हो चुकी थी। हालांकि पुलिस के कहने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। शिवगढ़ थाना प्रभारी विन्ध्य विनय ने बताया कि मुन्नीलाल करीब छह माह से शिवगढ थाने में तैनात थे। जिनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी परिजनों और उच्चाधिकारियों को दी गई है।
