Moradabad: न धूप, न राहत...बर्फीली हवा से ठिठुरा महानगर, न्यूनतम तापमान 8 डिग्री लुढ़का
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार को ठंड ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए और सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। बर्फीली हवा चलने के कारण गलन भरी ठंड ने आमजन को बेहाल कर दिया। सर्द मौसम का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा।
सुबह के समय घना कोहरा होने से दृश्यता बेहद कम हो गई। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को फॉग लाइट और धीमी गति का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर कोहरे के कारण जाम की स्थिति भी बनी रही। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों को ट्रेन और बसों के इंतजार में ठंड में खड़े रहना पड़ा, जिससे परेशानी और बढ़ गई। दिन भर धूप न निकलने से ठंड का असर और गहरा गया। बर्फीली हवाओं के चलते लोग गर्म कपड़ों में भी ठिठुरते नजर आए। बाजारों में दिन के समय भी भीड़ कम रही। जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकले, जबकि दोपहर के समय आमतौर पर दिखने वाली रौनक नदारद रही। शाम ढलते ही ठंड और बढ़ गई, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
ठंड से राहत पाने के लिए रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, जिला अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाए गए। अलाव के आसपास लोग हाथ सेंकते और ठंड से बचाव करते नजर आए। विशेषकर मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला लगाने वाले और राहगीरों के लिए अलाव राहत का सहारा बने। जिला अस्पताल परिसर में भी मरीजों और उनके तीमारदारों ने अलाव के पास समय बिताकर ठंड से बचने का प्रयास किया। ठंड का असर बुजुर्गों और बच्चों पर ज्यादा देखा गया। चिकित्सकों का कहना है कि इस तरह की सर्दी में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम ठंडी हवा से बचने और गरम भोजन करने की सलाह दी गई है। साथ ही कोहरे के चलते वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।
यातायात और ट्रेनों की रफ्तार धीमी
घने कोहरे के चलते मंगलवार सुबह शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के कारण कई ट्रेनों के आगमन समय में देरी हुई, जिससे यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। रोडवेज बसों की रफ्तार भी कम रही और कुछ बसें निर्धारित समय से देर से रवाना हुईं।
ठंड में ऐसे रखें खुद को सुरक्षित
चिकित्सकों के अनुसार इस तरह की गलन भरी ठंड में लापरवाही से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। बुजुर्गों, बच्चों और हृदय व श्वास रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों का कहना है कि सुबह-शाम ठंडी हवा से बचें, गर्म कपड़े पहनें, गरम पेय पदार्थ लें और कोहरे में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतना बहुत जरूरी है।
