UP: शाहजहांपुर सांसद को मिली अहम जिम्मेदारी, भारत-नॉर्डिक्स संसदीय मैत्री समूह में शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से शाहजहांपुर के सांसद अरुण सागर को भारत-नॉर्डिक्स संसदीय मैत्री समूह का सदस्य बनाया गया है। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। सांसद ने कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे वह पूरी लगन और निष्ठा के साथ निभाएंगे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र सरकार ने कूटनीति और राजनीतिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से इस समूह का गठन किया था। इसमें सभी दलों के सांसदों को शामिल किया गया है, ताकि देशों के बीच रिश्ते मजबूत हों और आपसी विश्वास बढ़ सके। सांसद अरुण सागर को भारत-नॉर्डिक्स संसदीय मैत्री समूह का सदस्य नामित किया गया है।नॉर्डिक देशों में डेनमार्क, फ़िनलैंड, आइसलैंड, नॉर्वे और स्वीडन शामिल हैं। 

सांसद ने कहा कि यह पहल भारत की संसदीय कूटनीति को सशक्त करने और इन देशों के साथ संबंधों को और गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समूह का उद्देश्य विधायी अनुभवों का आदान-प्रदान, द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना और आपसी समझ को मजबूत करना है। सांसद ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति आभार व्यक्त किया।

संबंधित समाचार