उत्तर भारत में ठंड का टॉर्चर:दिल्ली से बिहार तक विजिबिलिटी जीरो, 21 शहरों में शीतलहर अलर्ट!, जानें लखनऊ का हाल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक घने कोहरे ने पूरी पट्टी को ढक रखा है, जिससे सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई है। सुबह के समय ऐसा लगता है जैसे शहर बादलों में खो गया हो। हिमालय से आने वाली ठंडी हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों में कंपकंपी छा दी है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के 21 प्रमुख शहरों में गंभीर शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इनमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, बिजनौर, आगरा, टुंडला और मुजफ्फरनगर जैसे शहर शामिल हैं। पहाड़ी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, कोलकाता में मंगलवार को इस जनवरी का सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली का हाल

दिल्ली में 7 जनवरी को सुबह से दोपहर 11 बजे तक खतरनाक शीतलहर की आशंका है। यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।

पंजाब के कई जिलों जैसे गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फरीदकोट, मोगा और बठिंडा में सुबह 10-15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। हरियाणा में गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत भी घने कोहरे और शीतलहर की मार झेल रहे हैं।

बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में दक्षिण भारत के तीन क्षेत्रों – केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह – में हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इन राज्यों में बारिश से तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट आएगी। उधर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी हिस्सों में हाल ही में हुई बारिश के बाद फिलहाल उत्तर भारत में वर्षा की कोई बड़ी संभावना नहीं है।

संबंधित समाचार