लखनऊ : कल से ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान, बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 8 जनवरी से ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ विशेष सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 14 जनवरी तक लागू रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

इस अभियान के तहत बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा। परिवहन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से अभियान के प्रवर्तन और निगरानी की जिम्मेदारी निभाएंगे। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रभात पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को दंडित करना नहीं, बल्कि उन्हें यातायात नियमों के अनुरूप सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईंधन तभी मिलेगा, जब हेलमेट सिर पर होगा।

उन्होंने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी के नेतृत्व में संचालित किया जाएगा। पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारी मिलकर इसकी सख्ती से निगरानी करेंगे। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों और तेल विपणन कंपनियों से भी सहयोग की अपील की गई है। अभियान का मूल मंत्र “हेलमेट पहले, ईंधन बाद में” है। अधिकारियों का कहना है कि यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि हेलमेट के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता भी फैलाएगी। यह अभियान दोपहिया वाहन चालकों की जान बचाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।

संबंधित समाचार