इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता बने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट के  न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को केंद्र सरकार ने गुरुवार को  उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की। उनकी नियुक्ति वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंद्र के 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 दिसंबर 2025 को न्यायमूर्ति गुप्ता को मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की थी।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि राष्ट्रपति ने संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत, भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद, इस नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान कर दी है।न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता इलाहाबाद हाईकोर्ट के दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश रहे हैं।

उन्होंने वर्ष 1987 में लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की उपाधि प्राप्त की और उसी वर्ष 6 दिसंबर को वकालत के क्षेत्र में कदम रखा। अपने लंबे कानूनी करियर के दौरान उन्होंने मुख्य रूप से सिविल कानून, किराया नियंत्रण और संवैधानिक मामलों में प्रभावी पैरवी की।

न्यायमूर्ति गुप्ता को 12 अप्रैल 2013 को इलाहाबाद हाईकोर्ट का अपर न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और 10 अप्रैल 2015 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब उनकी नियुक्ति से उत्तराखंड उच्च न्यायालय को एक अनुभवी और वरिष्ठ न्यायिक नेतृत्व प्राप्त होगा।

संबंधित समाचार