Moradabad: फिर बढ़ा वायु प्रदूषण, महानगर के प्रमुख क्षेत्रों में एक्यूआई 100 से अधिक

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

टायर, कोयला जलाकर सेंकने से निकलने वाला खतरनाक धुआं बढ़ा रहा प्रदूषण का स्तर

मुरादाबाद, अमृत विचार। इन दिनों वायु प्रदूषण का स्तर फिर तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली, एनसीआर के प्रदूषण का असर मुरादाबाद में भी पड़ रहा है। वाहनों से निकलने वाले धुआं के अलावा कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कई जगह वाहनों के टायर, कोयला और लकड़ी जलाकर अलाव सेंकने से निकलने वाला खतरनाक धुआं वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ा रहा है।

गुरुवार की शाम महानगर में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़कर येलो श्रेणी में रहा। दिल्ली रोड के समीप ईको हर्बल पार्क क्षेत्र में सर्वाधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 100 पीजीएम से अधिक 140 पीजीएम रहा। जबकि दिल्ली रोड स्थित बुद्धि विहार में 106, कांठ रोड स्थित सेवायोजन कार्यालय क्षेत्र में 119 रहा। वहीं कांशीराम नगर में 108, जिगर कॉलोनी में एक्यूआई 127 पर रहा। हालांकि सबसे साफ हवा ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र की रही जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 86 रिकॉर्ड किया गया। हालांकि 50 तक का सूचकांक है अच्छी वायु गुणवत्ता का सूचक माना जाता है। वायु प्रदूषण के प्रति लोगों को नगर निगम के द्वारा जागरुकता उपाय भी काम नहीं आ रहा है। इन दिनों कोहरे के साथ धूल के कण वायु में मिलने से घनत्व बढ़ रहा है। साथ ही

कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कई जगह पर वाहनों के टायर जलाने, कोयले और लकड़ी जलाने व वाहनों के धुएं से वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। इससे अस्थमा और सांस के रोगियों को खुली हवा में सांस लेने में दिक्कत हो रही है। चिकित्सक ऐसे लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। वहीं नगर निगम की ओर से समय समय पर वाटर स्प्रिंकलर से पेड़ पौधों पर पानी का छिड़काव कराने के साथ ही मैकेनिकल रोड स्वीपिंग भी कराई जा रही है।

संबंधित समाचार