कानपुर : चुन्नीगंज जीजीआईसी में कई सीख दे गई नवप्रवर्तन प्रदर्शनी, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
कानपुर, अमृत विचार। नवप्रवर्तन केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं होते, बल्कि किसान, कारीगर, मैकेनिक और श्रमिक वर्ग अपने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए जो सरल और व्यावहारिक उपाय खोजते हैं, वही वास्तविक नवप्रवर्तन की पहचान होते हैं। ऐसे नवाचारों को संस्थागत सहयोग मिलना आवश्यक है, जिससे वे व्यापक स्तर पर उपयोगी बन सकें।

शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चुन्नीगंज में जिला स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार नवप्रवर्तन जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र से जुड़े जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों की पहचान कर उनके नवाचारों को मंच प्रदान करना रहा। उद्घाटन जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

उद्घाटन के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन करने के साथ ही प्रतिभागियों से संवाद किया और उनके नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नवप्रवर्तन केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं होते, बल्कि किसान, कारीगर, मैकेनिक और श्रमिक वर्ग अपने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए जो सरल और व्यावहारिक उपाय खोजते हैं, वही वास्तविक नवप्रवर्तन की पहचान होते हैं। ऐसे नवाचारों को संस्थागत सहयोग मिलना आवश्यक है, जिससे वे व्यापक स्तर पर उपयोगी बन सकें।
तकनीक साधन है, लक्ष्य नहीं
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए तकनीक का संतुलित और उद्देश्यपूर्ण प्रयोग करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक साधन है, लक्ष्य नहीं, और इसका विवेकपूर्ण उपयोग ही विद्यार्थियों के भविष्य को सशक्त बना सकता है।

आठ पुरस्कारों की घोषणा
सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक विकसित भारत की व्यापक थीम पर आयोजित जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के तीन वर्गों के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल द्वारा स्टाल निरीक्षण एवं मूल्यांकन के आधार पर कुल आठ पुरस्कारों की घोषणा की गई। विजेताओं में अनीता पाल, हेमंत तिवारी, गौरी तिवारी, योगेश कुमार झा, रश्मि सिंह, प्रियंका मिश्रा, संजय आनंद द्विवेदी और शालिनी गुप्ता शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन द्वारा किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। संचालन शिल्पी यादव ने किया। प्रधानाचार्य मंगलम गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला विज्ञान क्लब की समन्वयक किरण प्रजापति, सह-समन्वयक संगीता सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक प्रशांत द्विवेदी, प्रधानाचार्य संजय यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
