UP: गैस गीजर चलाकर नहा रहे चार साल के बच्चे की दम घुटने से मौत
गैस गीजर ऑन करके और बाथरूम बंद करके नहा रहे थे दोनों भाई
बदायूं, अमृत विचार। गैस गीजर चलाकर नहा रहे चार साल के बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई जबकि उसके बड़े भाई की हालत नाजुक है। उसे बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह दोनों बाथरूम का दरवाजा बंद करके नहा रहे थे। परिजनों में चीत्कार मचा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के शहबाजपुर में बरेली मार्ग पर सलीम अहमद का मकान है। मकान में नीचे स्टील के गेट, ग्रिल आदि बनाने की दुकान है। जिसके चलते वह परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने पांच साल पहले बाथरूम में गैस गीजर लगवाया था। समय-समय पर गीजर की मरम्मत भी कराते हैं। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे उनके बेटे रयान (4) और अयान (11) ने गैस गीजर ऑन किया और बाथरूम का दरवाजा बंद करके नहाने लगे। वह दोनों काफी समय तक बाहर नहीं आए तो उनकी मां रुखसार देखने के लिए बाथरूम गईं। बच्चों को आवाज लगाई लेकिन भीतर से कोई गतिविधि नहीं हुई। रुखसान ने शोर मचाया। सलीम और मोहल्ले के लोग पहुंचे। उन्होंने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। दोनों बच्चे बेसुध पड़े थे। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने इलाज शुरू किया। कुछ समय के बाद ही रयान ने दम तोड़ दिया। अयान को बरेली के अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि गीजर से गैस निकलने और भाप भरने की वजह से बाथरूम में ऑक्सीजन लेवल कम होने की वजह से दम घुटने से मौत हुई है।
