Bareilly : सीजन की सबसे ठंडी रात...दिन में धूप से मिली राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के लोगों को कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच शुक्रवार को धूप खिलने से काफी राहत मिली। इसके बावजूद प्रदेश में सबसे ठंडी रात और दिन में बरेली तीसरे नंबर पर रहा। यही नहीं सीजन की सबसे ठंडी रात भी रिकॉर्ड की गई। जिले का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो अलीगढ़ और मेरठ के बाद प्रदेश में सबसे कम रहा।

वहीं जिले का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। धूप खिलने के बावजूद बुलंदशहर और फतेहगढ़ के बाद लखीमपुर के साथ बरेली का अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। कई दिनों बाद सही से धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लोग घरों से बाहर निकले। बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग धूप में बैठे दिखाई दिए। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह धूप राहत लेकर आई।

मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद पांच दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14 से 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इससे साफ है कि एक सप्ताह तक ठंड से अभी राहत मिलने की कम ही उम्मीद है।

 

संबंधित समाचार