आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चारों संगठन एकजुट, संयुक्त संघर्ष का ऐलान, सभी जिलों में CM के नाम सौंपे जाएंगे ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः वर्षों बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चारों प्रमुख संगठन एक मंच पर एकजुट हो गए हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय महात्मा गांधी मार्ग में आयोजित बैठक में शीर्ष नेतृत्व ने संयुक्त मोर्चा बनाकर अपनी लंबित मांगों के लिए संगठित संघर्ष का निर्णय लिया।

बैठक में महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की महामंत्री नीलम पाण्डेय के संयुक्त मोर्चा में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया गया। अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे मोर्चे को और अधिक मजबूत व संघर्षशील बनाने वाला कदम बताया। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में 29 जनवरी को प्रत्येक जनपद में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। बैठक में 10 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने चिंता जताई कि लगातार पत्राचार और सांकेतिक आंदोलनों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि लगभग 50 वर्षों में पहली बार सभी संगठन एक बैनर तले आए हैं। प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्णकालिक राज्य कर्मचारी का दर्जा, सुप्रीम कोर्ट के निर्णयानुसार पेंशन व ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष तथा मुख्य सेविका व सहायिकाओं के पदों पर पदोन्नति शामिल हैं।

संबंधित समाचार