Bareilly: चटक धूप से चढ़ा पारा, दिन भर खुशनुमा रहा मौसम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले का मौसम शनिवार को अचानक बदल गया। रात में कड़ाके की ठंड से दिन में चटक धूप खिलने से दूर हो गई। दिन भर धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों ने घरों से बाहर निकलकर अपने सभी काम निपटाने के साथ पार्कों में भी मस्ती की। घरों की छतों पर भी धूप का आनंद लेते हुए लोग दिखे। रात और दिन के तापमान में करीब पांच गुना का अंतर देखा गया।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान दो दिन में करीब 10 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और यह प्रदेश में आजमगढ़, अयोध्या और फुरसतगंज के बाद सबसे कम रहा। मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार एक सप्ताह तक घने कोहरे का येलो अलर्ट है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 

संबंधित समाचार