Rampur: डॉ. राजवीर ने मॉरीशस में चमकाया रामपुर का नाम
रामपुर, अमृत विचार। विश्व हिंदी सचिवालय मॉरीशस में शनिवार 10 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी में रामपुर जिले के शोधकर्ता डॉ. राजवीर सिंह को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में एआई के प्रयोग पर शोध पत्र प्रकाशित होने पर सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक सम्मान समारोह में कई देशों के शिक्षाविदों ने डॉ. राजवीर सिंह की पुस्तक प्लांट फिजियोलॉजी का विमोचन भी किया।
डॉ. राजवीर सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या टांडा कंपोजिट (1-8) ब्लॉक स्वार, रामपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। विश्व हिंदी दिवस के मुख्यातिथि मॉरीशस के राष्ट्रपति महामहिम धरमबीर गोकुल जी रहे। समारोह में मानव संसाधन शिक्षा मंत्री डॉ. महेंद्र गंगा प्रसाद, डॉ. माधुरी रामधारी महासचिव विश्व हिंदी सचिवालय, अपर्णा गणेशन अप भारतीय उच्चायोग मॉरीशस उपस्थित रही। कार्यक्रम में कई देशों के शिक्षाविद और शोधार्थी मौजूद रहे। रामपुर के डॉ. राजवीर सिंह ने जिले का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया। मूल रूप से ग्राम ठिरियादान निकट टांडा बादली के रहने वाले हैं। इनके पिता किसान थे।
प्रारंभिक शिक्षा ग्राम के ही प्राथमिक विद्यालय में हुई है इन्होंने बी-एड, विशिष्ट बीटीसी वनस्पति विज्ञान, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान और इतिहास में परास्नातक की उपाधि के साथ वनस्पति विज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए साउथ वेस्टर्न यूनिवर्सिटी अमेरिका द्वारा डी -लिट की मानद उपाधि से भी गोवा में सम्मानित किया जा चुका है। परिषदीय अध्यापक व वनस्पति विज्ञान में 3 राष्ट्रीय और 5 अंतरराष्ट्रीय ऑफलाइन व ऑनलाइन शोध पत्र भी प्रकाशित हो चुके हैं। 5 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रतिभाग किया जा चुका है।
डॉ. राजवीर शिक्षाविदों में शामिल हो गए हैं। वो पिछले 12 वर्षों से अधिक समय से लगातार उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ रामपुर के जिलाध्यक्ष हैं और शिक्षकों की आवाज उठा रहे हैं। डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूलों में उच्च शैक्षिक योग्यता रखने वाले शिक्षकों की कमी नहीं है, बस जरूरत है उनको मौका देने की। मुझे खुशी है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने और विश्व हिंदी दिवस पर मॉरीशस जाने का अवसर मिला और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। ये मेरे लिए गौरवशाली पल रहे।
