IAF Agniveervayu: भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु भर्ती 2027 के लिए आवेदन शुरू, जान लें क्या है लास्ट डेट मार्च में होगी परीक्षा
IAF Agniveervayu: भारतीय वायु सेना (IAF) ने अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर वायु इंटेक 01/2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह अवसर अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए है, जो चार साल की सेवा के माध्यम से देश की रक्षा में योगदान दे सकते हैं।
आवेदन केवल आधिकारिक पोर्टल iafrecruitment.edcil.co.in के जरिए ही स्वीकार किए जाएंगे। कोई अन्य तरीका मान्य नहीं होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत: 12 जनवरी 2026 (सुबह 11 बजे से)
- आवेदन की अंतिम तिथि: 1 फरवरी 2026 (रात 11 बजे तक)
- फेज-1 ऑनलाइन परीक्षा: 30 और 31 मार्च 2026
आयु सीमा
उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 2006 से 1 जुलाई 2009 के बीच होना चाहिए। नामांकन के समय अधिकतम आयु 21 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
वैवाहिक स्थिति की शर्तें
- केवल अविवाहित उम्मीदवार ही पात्र हैं।
- चयन के बाद पूरे चार साल की सेवा अवधि में अविवाहित रहना अनिवार्य है।
- महिला अभ्यर्थियों को लिखित घोषणा देनी होगी कि वे इस दौरान गर्भवती नहीं होंगी।
शैक्षणिक योग्यता
विज्ञान स्ट्रीम के लिए:
- 12वीं कक्षा (फिजिक्स, मैथेमेटिक्स और इंग्लिश के साथ) कम से कम 50% अंकों से उत्तीर्ण।
- इंग्लिश में अलग से 50% अंक जरूरी।
- या फिर इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर आदि) 50% अंकों के साथ, और इंग्लिश में भी 50%।
गैर-विज्ञान स्ट्रीम के उम्मीदवारों के लिए भी 12वीं या समकक्ष परीक्षा में न्यूनतम अंकों की समान शर्तें लागू हैं।
चयन प्रक्रिया
भर्ती तीन मुख्य चरणों में होगी:
1. ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव परीक्षा (फेज-1) - नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर राज्यवार मेरिट लिस्ट बनेगी।
2. शारीरिक फिटनेस टेस्ट + एडैप्टेबिलिटी टेस्ट।
3. मेडिकल जांच।
शॉर्टलिस्टिंग पहले चरण के अंकों पर आधारित होगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जल्द से जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर लें। पूरी जानकारी और आवेदन के लिए आधिकारिक अधिसूचना जरूर पढ़ें।
