बागपत की फोम फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान, कड़ी मशक्कत के बाद फायर फाइटर ने पाया आग पर काबू 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के पास स्थित एक फोम फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री के गोदाम में रखा लाखों रुपये का फोम जलकर राख हो गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेकड़ा कस्बे के पास एनबीसीसी टाउनशिप से सटी फोम फैक्ट्री में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। 

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए। धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर पास की एनबीसीसी कॉलोनी में रहने वाले लोग घबरा गए और एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही खेकड़ा के साथ-साथ बागपत और बड़ौत फायर स्टेशन से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। 

दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया और आसपास के इलाकों को सुरक्षित किया। दमकल अधिकारी अरमेंद्र प्रताप ने बताया कि आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है, जिसका आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण नहीं थे। 

करीब 15 दिन पहले ही फैक्ट्री संचालक को सुरक्षा उपकरण लगाने के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन उस पर अमल नहीं किया गया। दमकल विभाग ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

ये भी पढ़ें :
वाराणसी में वरुणा एक्सप्रेस को मिले नए ठहराव: शिवपुर में रुकेगी ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

संबंधित समाचार