2027 में भाजपा फिर बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार : प्रदेश अध्यक्ष
बोले-भाजपा में संगठन सर्वोपरि, कार्यकर्ता भी बन सकता प्रदेश अध्यक्ष
अयोध्या, अमृत विचार : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी-योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों के आधार पर भाजपा 2027 में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। स्वागत में उमड़े जन सैलाब का कर्ज 2027 के विधानसभा चुनाव में उतारना है। प्रदेश में कार्यकर्ताओं और जन सहयोग से पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने अयोध्या जिले में प्रवेश के बाद कूढ़ा सादात अंबेडकर पार्क की पहली सभा में यह बातें कहीं। कूढ़ा सादात, कांटा चौराहे के साथ अन्य स्थानों पर बोले कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है, जहां एक छोटे कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा की। कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता को गुमराह करने वाले सफल नहीं होंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं को कोई गुमराह नहीं कर सकता। बोले कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण का सम्मान होता है। यह विशेषता किसी अन्य राजनीतिक दल में देखने को नहीं मिलती। कहा कि अन्य पार्टियों में नेतृत्व एक ही परिवार तक सीमित रहता है। जहां वही लोग बार-बार अध्यक्ष और पदाधिकारी बनते हैं। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इसी भावना के साथ पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उनकी मेहनत और एकजुटता से ही भाजपा निरंतर मजबूत हो रही है। आगे भी ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।
पुलिस से पहले पहुंचते हैं विधायक रामचंद्र
मीडिया से बात में कहा कि मैं प्रभु राम का आशीर्वाद लेने आया हूं। केंद्रीय नेतृत्व से जो काम सौंपा गया है। सभी को साथ लेकर चलूंगा। कहा कि पीडीए का कभी पी बदल जाता है कभी ए बदल जाता है। आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद उन्होंने विधायक रामचंद्र यादव की प्रशंसा की। कहा कि सुना है कि कोई घटना या दुर्घटना होती है तो 100 नंबर पुलिस से पहले विधायक स्वयं मौके पर पहुंचते हैं। यही वजह है कि जनता का उन पर अटूट भरोसा है।
रामलला का दर्शन कर मांगा संगठन व जनकल्याण के लिए आशीर्वाद
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने श्रीराम जन्मभूमि पहुंचकर श्रीराम लला का दर्शन किया। पूजन-अर्चन कर प्रदेश की खुशहाली, संगठन की मजबूती और जनकल्याण की कामना की। कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श सेवा, त्याग और कर्तव्यबोध उनके सार्वजनिक जीवन की प्रेरणा हैं। हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान जय श्रीराम और जय बजरंगबली के गगनभेदी जयघोष हुए। कहा कि अयोध्या केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रचेतना और संगठनात्मक मूल्यों की जीवंत प्रतीक है। प्रदेश महामंत्री संजय राय, एमएलसी अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी सहित अन्य थे।
