माघ मेला : रेलवे स्टेशनों पर कलर कोडिंग, कानपुर के लिए हरा, भीड़ के चलते रेल अफसरों ने लिया फैसला
कानपुर, अमृत विचार। माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सहज, सुरक्षित एवं भ्रम रहित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर दिशावार कलर कोडिंग प्रणाली लागू की जाएगी। कानपुर दिशा के लिए रेलवे ने हरे रंग का चयन किया है जो यात्री आश्रय संख्या–4 एवं गेट संख्या–4 का प्रयोग करेंगे।
उत्तर मध्य जोन के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस कलर कोडिंग व्यवस्था के माध्यम से स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालु बिना किसी अतिरिक्त पूछताछ के यह स्पष्ट रूप से समझ सकेंगे कि उन्हें अपनी गंतव्य दिशा की ट्रेन के लिए किस रंग के यात्री आश्रय एवं किस गेट से जाना है। इससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति समाप्त होगी, भीड़ का संतुलित वितरण सुनिश्चित होगा तथा माघ मेला अवधि के दौरान स्टेशन परिसरों में सुचारु, सुरक्षित एवं नियंत्रित आवागमन बना रहेगा।
माघ मेला पर प्रमुख स्नान
माघ मेला 2026 में प्रमुख स्नान पर्व- मकर संक्रांति (15 जनवरी -2026), मौनी अमावस्या (18 जनवरी -2026), बसंत पंचमी (23 जनवरी -2026), माघी पूर्णिमा (01 फरवरी -2026), एवं महाशिवरात्रि (15 फरवरी -2026) हैं। रेलवे अफसरों का मानना है कि इन तिथियों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी जिन्हें व्यवस्थित रखने के लिए ये व्यवस्था की गई है। ये सारी व्यवस्था मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के नेतृत्व में क्रियान्वित है।
उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के अंतर्गत प्रयागराज परिक्षेत्र के प्रमुख स्टेशन प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज पर प्रत्येक दिशा के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही अपने गंतव्य की दिशा को सरलता से पहचान सकें और बिना किसी भ्रम के आसने से उचित यात्री आश्रय एवं प्रवेश द्वार तक पहुंच सकें। सभी दिशाओं में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्री सिटी साइड स्थित गेट संख्या–5 से प्रवेश करेंगे।
प्रयागराज जंक्शन से दिशावार व्यवस्था
- लखनऊ/वाराणसी (बनारस) दिशा के लिए लाल रंग यात्री आश्रय संख्या–1 एवं गेट संख्या–1
- मानिकपुर दिशा के लिए पीला रंग यात्री आश्रय संख्या 3 एवं गेट संख्या–3
- कानपुर दिशा के लिए हरा रंग यात्री आश्रय संख्या–4 एवं गेट संख्या–4
नैनी जंक्शन से दिशावार व्यवस्था
- कानपुर दिशा के लिए हरा रंग यात्री आश्रय संख्या–1 एवं गेट संख्या–1
- झांसी दिशा के लिए नीला रंग यात्री आश्रय संख्या–2 एवं गेट संख्या–1
- सतना दिशा के लिए लाल रंग यात्री आश्रय संख्या–3 एवं गेट संख्या–1
- पं. दीनदयाल उपाध्याय दिशा के लिए पीला रंग यात्री आश्रय संख्या-4A एवं 4B एवं गेट संख्या-3 और 4
- सभी दिशाओं में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्री गेट संख्या–2 से जाएंगे।
प्रयागराज छिवकी स्टेशन से दिशावार व्यवस्था
- पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन दिशा के लिए हरा रंग यात्री आश्रय संख्या–1 एवं गेट संख्या–1A
- मानिकपुर, सतना दिशा के लिए लाल रंग यात्री आश्रय संख्या–2 एवं गेट संख्या–1B
- झांसी दिशा के लिए यात्री आश्रय संख्या–3 एवं गेट संख्या–1B
- सभी दिशाओं में यात्रा करने वाले आरक्षित यात्री गेट संख्या–2
सूबेदारगंज स्टेशन से दिशावार व्यवस्था
- कानपुर दिशा के लिए यात्री आश्रय संख्या–1 एवं गेट संख्या–1
- कानपुर दिशा के लिए आरक्षित यात्री गेट संख्या–3 से जाएंगे।
