Bareilly : ट्रक ने रौंदी बाइक, जिला पंचायत सदस्य के भांजे समेत दो की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जिला पंचायत सदस्य के भांजे समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बहेड़ी के वार्ड नंबर 14 से जिला पंचायत सदस्य संतोष भारती ने बताया कि उनके बहन-बहनोई की मौत के बाद बचपन से ही भांजा शिवम भारती उनके पास रहता था। उनकी नातिन माही का मंगलवार को जन्मदिन था। इसको लेकर सोमवार की देर शाम को शिवम भारती उसके लिए कपड़े खरीदने जा रहा था। उसके साथ में मनकापुर गांव निवासी विमल (22 वर्ष) और शीशगढ़ बंजरिया की चांदनी भी थी। जैसे ही उनकी बाइक नारायण नगला मंडी के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में शिवम और विमल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों शवों को पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवाया। मृतकों की जेब में मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रक की तलाश में पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। मृतक शिवम की मौसी संतोष भारती ने बताया कि शिवम के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वहीं विमल के पिता ने बताया कि उनका बेटा ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। विमल के परिवार में मां और तीन बेटे हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में मातम पसर गया, हर घर में सन्नाटा और हर आंख में आंसू हैं।

संबंधित समाचार