संघ परिवार दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार... सपा प्रमुख अखिलेश का बड़ा आरोप, स्वदेशी करते-करते परदेसी हो गये भाजपाई
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि संघ परिवार दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है। आरएसएस और भाजपा से सावधान रहना है। लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता किरन रिजिजू ने भी मान लिया है कि भाजपा का एनडीए गठबंधन राजनीतिक नहीं पारिवारिक गठबंधन है।
सपा प्रमुख बुधवार को पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से झूठ बोलती है। झूठे वादे करती है। भाजपा में घुसपैठियों को लेकर झूठा प्रचार किया। झूठा नैरेटिव बनाया। मतदाता सूची के एसआईआर प्रक्रिया में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला।
स्वदेशी करते-करते परदेसी हो गये भाजपाई
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और उनके संगी-साथी स्वदेशी करते-करते परदेसी हो गये हैं, कहां तो चीन से आयात का विरोध कर रहे थे, यहां तो साक्षात् स्वागत कर रहे हैं। लगता है भाजपा के वैचारिक उस्ताद पड़ोसी देश से एकदलीय व्यवस्था की मास्टर क्लास ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिलनेवालों को क्या मालूम है कि वो भारत आकर जिनसे मिल रहे हैं, उनका कागजों पर कोई अता-पता नहीं है, वो अनरजिस्टर्ड लोग हैं। उनका कहीं कोई पंजीयन नहीं है।
सपा प्रमुख ने बुधवार को कहा कि मुलाकात की तैयारी कई सालों से चल रही थी, फिर ये बहिष्कार का ड्रामा क्या भाजपाई अपने समर्थकों की आंख में धूल झोंकने के लिए कर रहे थे। भाजपा के बेचारे समर्थक आज बहुत ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
