Moradabad: धूप से कुछ राहत, ठंडी हवा से दिन भर बनी रही ठिठुरन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। लगातार कई दिनों तक कोहरे और धुंध की चादर में लिपटी सुबह बुधवार को कुछ बदली-बदली नजर आई। सुबह नौ बजे तक घना कोहरा रहा। इसके बाद सूर्यदेव का दर्शन हुआ। धूप निकलने के बाद लोगों ने ठंड से बचाव के लिए छतों, घरों के आंगन और आसपास के पार्कों में बैठकर धूप सेंकी। खिली धूप ने सर्दी से जूझ रहे लोगों को कुछ सुकून जरूर दिया। हालांकि, धूप के बावजूद ठंडी हवा चलने से ठिठुरन बनी रही।

सुबह और दोपहर के समय लोग ऊनी कपड़ों में ही नजर आए। बच्चे और बुजुर्ग विशेष रूप से ठंड से बचाव करते दिखे। धूप निकलने से जहां लोगों को दैनिक कार्यों में थोड़ी सहूलियत मिली, वहीं बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी रौनक बढ़ी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में खास बदलाव न होने के कारण सर्दी का असर दिनभर महसूस किया गया। 

दोपहर बाद जैसे-जैसे सूर्य की तपिश कम हुई, वैसे-वैसे ठंड का असर फिर बढ़ने लगा। शाम ढलते ही गलन ने एक बार फिर लोगों को परेशान किया। शीतलहर के चलते ठंडी हवा चलने लगी, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई और लोग अलाव, हीटर और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखाई दिए। चाय की दुकानों और अलाव के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। सुबह और रात के समय ठंड अधिक रहने की संभावना है, जबकि दिन में हल्की धूप राहत दे सकती है।

संबंधित समाचार