Moradabad: रिकॉर्ड महंगाई से बिगड़ा शादी का बजट, हल्के हो गए दुल्हनों के गहने

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों ने शादी-ब्याह वाले घरों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। बढ़ती महंगाई का सीधा असर सराफा कारोबार पर दिखाई दे रहा है। हालात यह हैं कि जहां पहले शादियों में भारी और कई तरह के गहने बनवाए जाते थे, अब उनकी संख्या और वजन दोनों में कटौती की जा रही है। दुल्हनों के गहने पहले की तुलना में काफी हल्के हो गए हैं।

बाजार गंज में सराफा कारोबारी नीरज अग्रवाल ने बताया कि सोने-चांदी की रिकॉर्ड कीमतों से शादी वाले घरों के लोग बेहद परेशान हैं। पहले दुल्हन के लिए छह चूड़ियां, बाजूबंद, करधनी, हथफूल, रानीहार, झुमके, पांच-छह अंगूठियां, चेन सहित कई अन्य आइटम बनवाए जाते थे। अब स्थिति यह है कि लोग चार चूड़ियां, दो-तीन अंगूठियां, झुमके और एक चेन तक ही सीमित रह गए हैं। इतना ही नहीं, इन गहनों के वजन में भी लोग कटौती कर रहे हैं ताकि बजट किसी तरह संभाला जा सके। मंडी चौक में सराफा कारोबारी देवेश वर्मा के अनुसार, पहले शादियों में औसतन 15 तोला तक के सोने के गहने बनते थे, लेकिन अब यह आंकड़ा घटकर 10 तोला से भी नीचे सिमट गया है। महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम आय वर्ग के परिवारों पर पड़ा है। बढ़ती कीमतों के कारण इन्हें गहनों की खरीद सीमित करनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि उम्मीद से कहीं ज्यादा महंगाई बढ़ गई है, जिससे शादी की तैयारियां कठिन हो गई हैं।

चांदी के सिक्कों की बिक्री प्रभावित
शादी में बिछुआ, पायल, चांदी के बर्तन और बरातियों व रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए चांदी के सिक्कों की अच्छी-खासी मांग रहती थी। लेकिन अब महंगाई के चलते इनकी बिक्री बुरी तरह प्रभावित हुई है। सराफा कारोबारियों के मुताबिक चांदी से जुड़े सामान की खरीद में 60 से 70 फीसदी तक की गिरावट आई है। लोग अब हल्के वजन की पायल और सीमित मात्रा में ही चांदी के सिक्के खरीद रहे हैं।

18 कैरेट गहनों की बढ़ी मांग
सोने के दाम बढ़ने का असर उसकी शुद्धता के चुनाव पर भी पड़ा है। जहां पिछले साल तक 20 और 22 कैरेट सोने के गहनों का चलन ज्यादा था, वहीं अब ग्राहक 18 कैरेट के गहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि करीब 80 फीसदी ग्राहक 18 कैरेट के गहने बनवा रहे हैं, जबकि केवल 20 फीसदी लोग ही 20 या 22 कैरेट के गहनों की खरीद कर रहे हैं।

संबंधित समाचार