Bareilly: खुद को BDA उपाध्यक्ष बताकर दिया नौकरी का झांसा, युवक से 2.40 लाख ठगे
बरेली, अमृत विचार। जालसाजों ने खुद को बीडीए उपाध्यक्ष बताकर एक युवक को नौकरी लगवाने का झांसा दिया। जिसमें युवक से कई बार में 2 लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित को जब अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उसने पैसे वापस मांगे। इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर प्रेमनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद जिले के थाना मझोला के सूर्यनगर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि एक साल पहले विशाल ठाकुर निवासी मुरादाबाद थाना मझोला मंडी गेट, दिनेश ठाकुर निवासी राजेन्द्र नगर से उसकी जान पहचान हुई थी। आरोप है कि उन्होंने सरकारी नौकरी दिलाने की बात बताई। आरोपियों ने कहा कि उनकी उच्च अधिकारियों से पहचान है। आरोप है कि उसे राजेंद्र कुमार राव से मुलाकात कराई और बताया कि वह बीडीए उपाध्यक्ष हैं। वह उनकी सीधी नौकरी लगवा देंगे। इसके लिए उन्हें किसी तरह की परीक्षा भी नहीं देनी होगी।
नौकरी लगवाने से पहले आरोपियों ने ढाई लाख रुपये की मांग की। इसमें से उसने एक लाख 25 हजार रुपये दे दिए। पैसे देने के कुछ दिन बाद दिनेश ठाकुर का फोन आया और कहा कि अपने कागज तैयार रखो। इसके बाद उन्होंने कागज लेकर और पैसों की डिमांड की। उसने अपनी मां के खाते से 35 हजार रुपये निकालकर दिए। इसके बाद फिर 80 हजार रुपये आरोपियों को दिए गए। कुछ दिन बाद राजेन्द्र कुमार राव का फोन आया और कहा कि आपका ज्वाइनिंग लेटर जल्दी ही आपके पास पहुंच जाएगा।
पीड़ित के अनुसार इसके बाद डाक के माध्यम से एक पत्र प्राप्त हुआ। लिखा था कि आपके शैक्षिक प्रमाण पत्र के प्रपत्र की जांच हो गई है, जो कि सही पाई गई है। आगे की कार्रवाई के लिए जल्द आपको बता दिया जाएगा। आश्वासन दिया कि जल्द ही सहायक विधि अभियंता के पद पर चयन हो जाएगा, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी कोई नौकरी नहीं मिली। पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने विशाल ठाकुर, दिनेश ठाकुर, राजेन्द्र कुमार राव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
