UP: ट्रक की टक्कर से भाजपा नेता के बेटे और भतीजे की मौत, काफी दूर घिसटती गई बाइक 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरखेड़ा, अमृत विचार।  बाइक से काम निपटाकर घर जा रहे भाजपा नेता के पुत्र और भतीजे की लकड़ी लदे ट्रक की चपेट में आकर जान चली गई।  टक्कर लगने के बाद काफी दूर तक बाइक ट्रक के पहिए में फंसकर खिचड़ती चली गई।  नजदीक के पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।  कुछ ही देर में भीड़ जमा हुई और आक्रोशित हुई। हालांकि पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज कार्रवाई में जुट गई है।
 
हादसा शनिवार देर शाम बीसलपुर-बरखेड़ा मार्ग पर नरायनपुर गांव के पास हुआ।  बताते हैं कि भाजपा नेता हरिशंकर का 19 वर्षीय पुत्र विकास श्रीवास्तव अपने चचेरे भाई शिवम (18) पुत्र गयाप्रसाद के साथ बाइक से गया था। वह बरखेड़ा की तरफ से वापस घर जा रहा था। हाईवे पर गांव के नजदीक पहुंचते ही बाइक को बीसलपुर की तरफ से आ रहे लकड़ी लदे ट्रक ने टक्कर मार दी।  जिसमें दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।  टक्कर लगने के बाद बाइक ट्रक के पहिए में फंस गई।

चालक ने भगाने का प्रयास किया तो काफी दूर तक बाइक खिचड़ती चली गई। बाद में चालक को पेट्रोल  पंप के कर्मचारियों ने पकड़ लिया।  कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिवार वाले भी आ गए।  भीड़ में शामिल कुछ लोग हादसे को लेकर आक्रोशित हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में दोनों सीएचसी बरखेड़ा भिजवाया गया। वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों का रोकर बुरा हाल रहा। उधर, हादसा स्थल पर भीड़ आक्रोशित रही। बड़े वाहनों का आवागमन भी कुछ देर बाधित रहा। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में हुई दो मौतों से परिजन का रोकर बुरा हाल रहा।

संबंधित समाचार