वर्दी की हनक: बाइक में नहीं डाली हवा तो बच्चे को जड़ा तमाचा, हंगामे पर थप्पड़बाज सिपाही निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिल्सी, अमृत विचार। दुकान पर बाइक में हवा न डालने पर एक सिपाही ने छह साल के बच्चे को थप्पड़ मार दिया। बच्चा बेहोश होकर गिर गया। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद गाली-गलौज करते हुए कोतवाली से भगा दिया। जिससे गुस्साए लोगों ने जाम लगाया। एसएसपी के सिपाही पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला। बाद में एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए सिपाही को निलंबित कर दिया।

गांव बांस बरौलिया निवासी राजकमल की वजीरगं मार्ग पर पंचर की दुकान है। शनिवार शाम लगभग छह बजे उनका छह साल का बेटा दुकान पर बैठा था। बताया जा रहा है कि बिल्सी कोतवाली में तैनात एक सिपाही बाइक के साथ मौके पर पहुंचा। आयुष से बाइक में हवा डालने को बोला। बच्चा उसकी बात नहीं सुन पाया। जिस पर सिपाही को गुस्सा आ गया। उसने बच्चे को थप्पड़ मार दिया। जिससे बच्चे की पेशाब निकल गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। सिपाही से थप्पड़ मारने का कारण पूछा। बताया जा रहा है कि वह लोगों को धमकाता हुआ बाइक लेकर मौके से चला गया। 

लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने कहा कि पुलिस का मामला है। वह बच्चे को भर्ती नहीं करेंगे। परेशान होकर परिजन बच्चे को लेकर थाने गए। आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और भगा दिया। जिससे गुस्साए लोगों ने बिल्सी-वजीरगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। समझाने के बाद भी लोग नहीं माने तो तीन और थानों की पुलिस बुलाई गई। 

एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया और बिल्सी सीओ संजीव कुमार रात लगभग आठ बजे मौके पर पहुंचे। ग्रामीण आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। एसएसपी के सिपाही पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला। बच्चे को भर्ती कराया गया है। सीओ बिल्सी ने बताया कि सिपाही और पिता-पुत्र के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। परिजनों ने सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगाया। फिलहाल एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।

संबंधित समाचार