सीएसजेएमयू को मिला स्वयं -एनपीटीईएल एस्पिरेंट अवॉर्ड, जानिए आईआईटी कानपुर ने क्यों की सराहना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी-सहायित उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर की ओर से स्वयम्-एनपीटीईएल एस्पिरेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान आईआईटी कानपुर में आयोजित एसपीओसी फेलिसिटेशन वर्कशॉप के दौरान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर के एनपीटीईएल समन्वयकों ने सीएसजेएमयू के प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की। कहा कि स्वयम्-एनपीटीईएल मंच के प्रभावी उपयोग, छात्रों की सक्रिय सहभागिता और संस्थागत समन्वय के मामले में सीएसजेएमयू ने प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में कहीं अधिक सशक्त और संगठित मॉडल प्रस्तुत किया है।

इस सम्मान के साथ सीएसजेएमयू ने स्वयम्-एनपीटीईएल पहल के तहत प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 7 सौ से अधिक महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बड़े पैमाने पर नामांकन ने इस उपलब्धि को और मजबूती प्रदान की है।

विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि छात्रों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय द्वारा जारी मानक कार्यप्रणाली के माध्यम से स्वयम् पोर्टल पर पंजीकरण, सीएसजेएमयू को लोकल चैप्टर के रूप में चयन, पाठ्यक्रम खोज, जॉइन प्रक्रिया तथा व्याख्यानों और बहुभाषी ट्रांसक्रिप्ट की उपलब्धता को सरल बनाया गया है।

संबंधित समाचार