तंत्र-मंत्र की आशंका: इस कब्रिस्तान में 150 साल पुरानी कब्र खुदी मिलने से मचा हड़कंप
बिल्सी, अमृत विचार। नगर बिल्सी के अगोल मार्ग स्थित ईदगाह कब्रिस्तान में कुछ लोगों ने रात में लगभग डेढ़ सौ साल पुरानी कब्र को खोद दिया। सुबह कब्र में गड्ढा दिखाई देने पर लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
ईदगाह कमेटी के हाजी मोहम्मद अनीस खान ने बताया कि वह रोज अपने पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ने आते हैं। रविवार सुबह जब वह कब्रिस्तान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लगभग डेढ़ सौ साल पुरानी कब्र में गहरा गड्ढा किया गया है। उन्होंने अन्य लोगों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही कमेटी के सदस्य और समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। कोतवाली पुलिस को सूचना देकर अवगत कराया। मोहल्ला संख्या दो निवासी सरफराज अंसारी ने बताया कि इससे पहले भी कब्रिस्तान में दो कब्रों को लोगों ने खोदकर नुकसान पहुंचाया जा चुका है।
इस बार करीब डेढ़ सौ से दो सौ साल पुरानी कब्र में 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा किया गया है। गड्ढा देख लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने कमेटी के लोगों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और कब्र को बंद कराया। लोगों के बीच चर्चा रही कि यह हरकत किसी तांत्रिक या सिरफिरे व्यक्ति की हो सकती है। कब्र बंद होने के बाद लोग अपने-अपने घर लौट गए। पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है
