ठाकुरगंज अस्पताल में आईसीयू की सुविधा अगले माह, हायर सेंटर रेफर की मजबूरी होगी खत्म
लखनऊ, अमृत विचार : ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में अब आईसीयू की भी सुविधा मिलेगी। अभी तक आईसीयू की सुविधा न होने के कारण गंभीर मरीजों को बलरामपुर अस्पताल या केजीएमयू रेफर करना पड़ता है, जहां पहले से मरीजों का अत्यधिक दबाव रहने से आईसीयू बेड के लिए मरीजों को भटकना पड़ रहा। अस्पताल प्रशासन ने बताया आईसीयू शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फरवरी में आईसीयू यूनिट शुरू होने की उम्मीद है।
200 बेड की क्षमता वाले ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में प्रतिदिन करीब 30 से 40 मरीज भर्ती होते हैं, जिनमें दो से तीन मरीज अति गंभीर अवस्था में आते हैं। आईसीयू की सुविधा न होने से इन मरीजों को हायर सेंटर भेजा जाता था, जिससे समय पर इलाज में दिक्कतें आती थीं।
मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में छह बेड का आईसीयू स्थापित किया जा रहा है, जिसमें दो बेड वेंटीलेटर युक्त होंगे। इसके लिए महानिदेशालय की ओर से आईसीयू उपकरणों की खरीद के लिए आठ लाख रुपये का बजट भी जारी किया गया है। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि आईसीयू के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। आईसीयू शुरू होने से क्षेत्र के गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
