STF ने नए सिरे से शुरु की KGMU मतांतरण कांड की जांच, जल्द ही इन विभागों के HOD को जारी होगा नोटिस
लखनऊ, अमृत विचार: केजीएमयू की जूनियर रेजिडेंट से यौन शोषण, गर्भपात और मतांतरण कांड की जांच यूपी एसटीएफ ने नए सिरे से शुरू कर दी है। फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट और विशाखा कमेटी की रिपोर्ट को एसटीएफ बारीकी से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही एसटीएफ पैथॉलोजी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के एचओडी को नोटिस जारी कर उनके बयान दर्ज करेगी। एसटीएफ दोनों विभागों के डॉक्टरों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर और डिटेल का ब्योरा भी खंगाल रही है।
सूत्रों की मानें तो केजीएमयू से मिली दोनों रिपोर्ट में दिए गए तमाम बिंदुओं को एसटीएफ के अधिकारियों ने अलग से नोट कर लिया है। उसके आधार पर साक्ष्य संकलन भी शुरू कर दिया है। आरोपी डॉक्टर रमीज के शीशमहल स्थित फ्लैट और पीड़िता के ठाकुरगंज स्थित आवास पर भी जांच के लिए जाएगी। एसटीएफ पूरे मामले में एक-एक बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही मामले में और चौंकाने वाला खुलासे होंगे। एसटीएफ अपनी जांच में आरोपी के मददगारों के रिकार्ड भी खंगाल रही है। इन मददगारों में दो डॉक्टर भी शामिल हैं। साक्ष्य संकलित करने के लिए जमीनी स्तर और सर्विलांस की मदद से जांच की जा रही है।
