विधानभवन में 86वां पीठासीन अधिकारी सम्मेलन आज से, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

विभिन्न राज्यों और विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, अध्यक्ष, सभापति और सचिव रहेंगे राजधानी में

लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ में 19 से 21 जनवरी तक 86वां अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन (एआईपीओसी) एवं भारत की विधानसभाओं-विधान परिषदों के सचिवों का 62वां सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सोमवार को विधानभवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी उत्तर प्रदेश विधानमंडल कर रहा है।

सम्मेलन में देशभर से आए पीठासीन अधिकारी, विधानमंडलीय सचिव और गणमान्य प्रतिनिधि विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, सदन संचालन, सुशासन तथा समसामयिक विधायी विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उप्र. की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह तथा उप्र. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत देश के विभिन्न राज्यों और विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, अध्यक्ष, सभापति और सचिव भाग लेंगे।

19 जनवरी को पहले दिन उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी की शुरुआत, समूह चित्र तथा विभिन्न समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। दूसरे दिन 20 जनवरी को पूर्ण सत्र में एजेंडा बिंदुओं पर गहन चर्चा के साथ उप्र. की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। तीसरे दिन 21 जनवरी को समापन सत्र में विभिन्न संवैधानिक पदाधिकारियों के प्रेरक संबोधन होंगे।

सम्मेलन के उपरांत 22 जनवरी को प्रतिभागियों के लिए अयोध्या धाम भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जबकि 23 जनवरी को प्रतिनिधियों का प्रस्थान होगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के अनुसार, यह सम्मेलन संसदीय लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने, राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान तथा विधायी संस्थाओं के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

संबंधित समाचार