Bareilly: मौसम...दिन में निकली धूप, ठंड से मिली राहत, बुधवार और गुरुवार को बारिश की संभावना
बरेली, अमृत विचार। लंबे समय से ठंड और कोहरे की मार झेल रहे लोगों को रविवार को दिन में धूप निकलने से राहत मिली। सुबह के समय हल्की ठंड के बावजूद जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तेज धूप ने मौसम को सुहावना बना दिया। धूप निकलते ही लोग घरों की छतों और पार्कों में नजर आए। वहीं सोमवार सुबह गुनगुनी धूप निकलने से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटों में बरेली का अधिकतम 20.2 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आर्द्रता अधिक रहने के कारण कोहरे का असर बना रहा, लेकिन दिन में धूप निकलने से ठंड का प्रकोप कुछ कम हुआ। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी दिनों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि दोपहर बाद मौसम साफ रहेगा और धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी।
अतुल कुमार ने बताया कि 22 जनवरी से हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कोहरे के चलते वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और धीमी गति से चलने की हिदायत दी गई है।
