Bareilly: कड़ाके की सर्दी में बाजार गरमाया, गर्म कपड़ों की बिक्री दोगुनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इस बार सर्दी ने लोगों को लंबे समय तक अपनी गिरफ्त में रखा है। जनवरी माह चल रहा है, लेकिन ठंड अभी भी पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही। इससे कुतुबखाना समेत मुख्य बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। इस बार शहर के बाजारों में स्वेटर से लेकर जैकेट, कोट, शॉल, मफलर, कंबल, कैप, ऊनी कपड़ों की खरीदारी तेज रही।

दुकानदारों के अनुसार इस बार बिक्री में पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना इजाफा हुआ है। खासकर सुबह और शाम के समय बाजारों में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है, जिससे बाजारों की रौनक बढ़ गई है। इस बार सर्दी लंबी खिंचने के कारण न सिर्फ नया माल तेजी से बिका, बल्कि पिछले साल का बचा हुआ स्टॉक भी पूरी तरह निकल गया। कई दुकानदारों ने बताया कि पिछले सालों में मौसम जल्दी गर्म हो जाने से ऊनी कपड़ों की बिक्री प्रभावित रहती थी, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल उलट रहे।

 दिसंबर और जनवरी में लगातार ठंड पड़ने से लोगों को मजबूरी में गर्म कपड़े खरीदने पड़े। बच्चों से लेकर बुजुर्गों के लिए गर्म कपड़ों की मांग ज्यादा देखने को मिल रही है। इससे छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े दुकानदारों तक सभी को फायदा हुआ है। व्यापारियों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिन ठंड बनी रही तो बिक्री में और बढ़ोतरी हो सकती है। इस बार की सर्दी ने लोगों को ठिठुराया जरूर है, लेकिन बाजार और व्यापारियों के लिए ये मौसम राहत और मुनाफे का कारण बनकर सामने आया है।

गर्म कपड़ों की खरीदारी के बाद अब छूट का दौर शुरू
दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए डिस्काउंट सेल शुरू कर दी है। जैसे-जैसे सीजन का अंतिम चरण नजदीक आ रहा है, व्यापारियों ने बचे हुए माल को निकालने और ग्राहकों को राहत देने के उद्देश्य से 20 से 50 प्रतिशत तक की छूट देना शुरू कर दिया है। मुख्य बाजारों, मॉल और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर ''''एंड ऑफ सीजन सेल'''' और ''''विंटर डिस्काउंट'''' के बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे सुबह और शाम के समय बाजारों में फिर से भीड़ बढ़ने लगी है। दुकानदारों का कहना है कि लंबी सर्दी के कारण पहले ही अच्छी बिक्री हो चुकी है, लेकिन डिस्काउंट सेल से मध्यम वर्ग और बजट खरीदारी करने वाले ग्राहकों की संख्या और बढ़ गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के गर्म कपड़ों पर ज्यादा छूट दी जा रही है।

व्यापारियों के फोटो भी टोनी जी आकर डालेंगे।
दर्शन लाल भाटिया ने बताया कि कड़ाके की ठंड व्यापारियों के लिए फायदेमंद साबित हुई। पुराना व नया दोनों स्टॉक निकल गया, जिससे नुकसान की चिंता खत्म हो गई। कुल मिलाकर इस बार मौसम ने व्यापारियों को राहत दी है।

दुकानदार राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस बार ठंड ने सही मायने में असर दिखाया है। गर्म कपड़ों की मांग अचानक बढ़ी, जिससे बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है। जो माल पिछले साल बच गया था, वह भी इस बार पूरी तरह निकल गया। दुकानदार लवी अरोरा के मुताबिक दिसंबर के पहले सप्ताह से ठंड ज्यादा पड़ने लगी थी, इसलिए ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ती रही। सुबह और शाम के समय दुकान पर काफी भीड़ रहती है। कारोबार उम्मीद से अच्छा हुआ है।

 

संबंधित समाचार