Moradabad: सुबह कोहरे की चादर, दोपहर में धूप से मिली राहत, शाम होते ही ठंडी हवा चली तो अलाव का सहारा
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार की सुबह शहर में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ शुरू हुई। सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि कुछ ही दूरी पर दिखाई देना मुश्किल हो गया। ठंड के कारण लोग देर तक रजाइयों में दुबके रहे, वहीं सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मौसम में बदलाव देखने को मिला। करीब 10 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए और तेज धूप निकलने से लोगों को बड़ी राहत मिली। धूप खिलते ही घरों से बाहर निकलने वालों की संख्या बढ़ने लगी। बाजारों में रौनक लौट आई और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई। कई लोग छतों पर धूप सेंकते नजर आए तो वहीं पार्कों में भी चहल-पहल दिखाई दी। बुजुर्गों ने धूप में बैठकर ठंड से राहत पाई, जबकि बच्चों ने खुले मैदानों में खेलकूद का आनंद लिया।
दोपहर में मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही। शाम ढलते ही ठंडी हवा चलने लगी, जिससे एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई। तापमान गिरने के साथ ही लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। ठंड से बचने के लिए मोहल्लों, चौराहों और दुकानों के बाहर अलाव जलाए गए। लोग अलाव के आसपास बैठकर हाथ तापते और आपस में बातचीत करते दिखे।
दिन और रात के तापमान में भारी अंतर
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में भारी अंतर के कारण सर्दी का असर बना हुआ है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे का असर जारी रह सकता है, जबकि दोपहर में धूप से आंशिक राहत मिलने की संभावना है।
