UP News: नाइट स्वीपिंग बंद होने से बाजारों में गंदगी, पार्षदों को घेर रहे व्यापारी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

चौक, अहियागंज अमीनाबाद, पांडेगंज, मौलवीगंज सहित प्रमुख बाजारों में रहती है गंदगी

लखनऊ, अमृत विचार : व्यापारियों की मांग पर तत्कालीन महापौर संयुक्ता भाटिया के कार्यकाल में शुरू कराई गई बाजारों में रात में सफाई की व्यवस्था (नाइट स्वीपिंग) बंद हो गई है। अब इसकी जिम्मेदारी लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) को दे दी है। कंपनी सुबह वाली ड्यूटी से सफाईकर्मियों की कटौती कर शाम को जुगाड़ से काम चला रही है। ज्यादातर बाजारों में नाइट स्वीपिंग कागजों पर चल रही है। इससे चौक, अहियागंज अमीनाबाद, पांडेगंज, मौलवीगंज सहित प्रमुख बाजारों में जगह-जगह गंदगी फैली रहती है। गंदगी से परेशान व्यापारी क्षेत्रीय पार्षद को घेर रहे हैं।

बाजारों सुबह दुकानें खुलने के बाद सफाई शुरू होती है। दुकानें खुलने के बाद संकरी गलियों में कूड़ा गाड़ियां नहीं जा पाती हैं। इससे दोपहर तक गंदगी के ढ़ेर लगे रहते हैं। गंदगी के बीच ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में नगर निगम के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान का कहना है कि बाजारों और मुख्य मार्गों की सफाई का काम लखनऊ स्वच्छता अभियान एलएसए कंपनी को दिया गया है। कंपनी ही शाम को बाजारों में भी सफाई करेगी। इसके लिए अलग से कंपनी को कर्मचारी आवंटित नहीं किए गए हैं।

बाजारों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं : अमरनाथ

लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा का कहना है कि नगर निगम व्यापारियों से हाउस टैक्स, वाटर और सीवर टैक्स तो ले रहा है लेकिन सुविधाएं नहीं दे रहा है। सफाई और कूड़ा उठान के लिए यूजर चार्ज अलग से ले रहा है। बाजारों में नगर निगम ने नाइट स्वीपिंग भी बंद कर दी है। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है।

लगातार कार्यकारिणी में उठाता हूं समस्या : अनुराग मिश्रा

चौक काली जी वार्ड के पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू ने कहा कि नाइट स्वीपिंग बंद होने से चौक, अहियागंज आदि बाजारों में सुबह दुकानें खुल जाने के बाद सफाई शुरू होती है। संकरी गलियों में गाड़ियां नहीं जा पाती हैं, जिससे कूड़ा नहीं उठ पाता है। कार्यकारिणी बैठक में बाजारों में दोबारा नाइट स्वीपिंग व्यवस्था शुरू करने की मैंने लगातार मांग की है।

संबंधित समाचार