Bareilly : जनगणना...प्रत्येक परिवार से भरवाई जाएगी 34 प्रश्नों की सूची
बरेली, अमृत विचार। जनपद में जनगणना कराने की तैयारियां तेज हो गयी हैं। जनगणना की शुरुआत से पूर्व मकानों की गणना की जाएगी। जनगणना कराने के दौरान प्रत्येक परिवार से 34 प्रश्नों की सूची भरवायी जाएगी। जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होगी। जिलेभर में 700 से 800 प्रगणक फील्ड कार्य के लिए नियुक्त किए जाएंगे। 6 प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर की नियुक्ति होगी। पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी गयी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक हुई।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार जनगणना-2027 के कार्यान्वयन एवं संचालन के लिए जिला जनगणना समन्वय समिति गठित की गयी है। सीनियर इन्वेस्टीगेटर जनगणना विभाग (नोडल बरेली) राकेश सिंह ने बताया कि इसमें किसी निश्चित क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाता है। बैठक में जनगणना की प्रारंभिक तैयारियां, प्रशिक्षण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना, जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, जनसंख्या की गणना, वित्त एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र, आंकड़ों के प्रकाशन एवं सारणीकरण आदि कार्यों को 30 जून तक निर्धारित समय में पूरा कराने के बारे में बताया गया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गयी कि जनगणना पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। जनगणना की शुरुआत से पहले जनपद में मकानों की गणना होगी। पोर्टल पर स्वगणना का भी प्रावधान है। प्रत्येक परिवार से 34 प्रश्नों की सूची भरवाई जाएगी। मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण लखनऊ व प्रगणकों व सुपरवाइजर का प्रशिक्षण जनपद स्तर पर होगा। जिलाधिकारी ने समिति में शामिल सदस्यों से जनगणना के कार्य प्राथमिकता से करने पर जोर दिया। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) संतोष कुमार सिंह, सभी तहसीलदार, नगर निकायों के ईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
