पंकज चौधरी के आगमन पर चरमराई कानपुर का ट्रैफिक व्यवस्था, महाजाम में फंसे पैदल चले सांसद, एडीसीपी से झड़प

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम नगर आगमन पर यातायात की मजबूत व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा शहर जाम में फंस गया। जीटी रोड पर भीषण जाम के चलते रावतपुर से कल्याणपुर तक बुरा हाल हो गया जिससे गुरुदेव रेलवे क्रासिंग बंद नहीं हो सकी और ट्रेन को रोकना पड़ा। शहर में जाम की हालत देख सांसद भोले सिंह की एडीसीपी ट्रैफिक से झड़प हुई।

गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम आगमन पर शहर में सैकड़ों स्थानों पर स्वागत के मंच बनाये गये थे लेकिन कैसे शहर का यातायात संचालित करना है, इसपर ध्यान नहीं दिया। तमाम भाजपाइयों ने सबसे आगे जाजमऊ गंगा पुल पर ही स्वागत कार्यक्रम लगा दिया। स्थिति ये रही कि गंगा पुल से 20 किमी लंबा जाम लगा। हालत ये रही कि दोपहिया, चार पहिया, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे। 

इस जाम का शिकार कानपुर देहात के सांसद भोले सिंह भी हुए। वे जाम में फंसने के बाद वाहन छोड़कर करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर गंगा पुल तक पहुंचे। मौके पर उनकी एडीसीपी ट्रैफिक अंजली विश्वकर्मा से तीखी बहस हो गई। जाम की हालत देख क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल से भी सांसद ने नाराजगी जताई। 

सांसद ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने से पहले यातायात और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। स्वागत की होड़ में शहर को जाम के हवाले कर देना किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है। उधर बजरिया से रावतपुर तक सैकड़ों वाहन फंसे रहे। जाम के कारण तमाम लोगों ने 80 फिट रोड से होते हुए गुमटी नंबर पांच की ओर निकलने का प्रयास किया तो ये मार्ग भी जाम हो गया। 

नो इंट्री में ट्रकों को प्रवेश कैसे मिला 

सांसद ने प्रश्न खड़ा किया कि जब स्वागत कार्यक्रम की जानकारी पहले से थी, तो भारी वाहनों और ट्रकों की एंट्री आखिर किसके आदेश पर कराई गई। प्रशासनिक समन्वय की कमी और लचर यातायात प्रबंधन के कारण आम जनता को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ी।

लखनऊ हाईवे का जाम उन्नाव पहुंचा

यातायात व्यवस्था लचर होने के कारण कई हाईवे को भी इसका खमियाजा भुगतना पड़ा जिसमें सबसे ज्यादा लखनऊ हाईवे जाम हुआ। हजारों वाहन का काफिला जाम में फंसा रहा। सैकड़ों वाहन सवारों ने अचलगंज मोड़ से मरहला चौराहा होते हुए सरैया क्रासिंग से गंगा बैराज की ओर निकलने की कोशिश की तो ये मुख्य मार्ग भी बुरी तरह जाम हो गया। रामादेवी चौराहा से भौंती तक हजारों वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

संबंधित समाचार