औरैया अरविंद हत्याकांड का खुलासा : पत्नी ने प्रेमी से कराई थी पति की हत्या, तमंचा-कारतूस और 2 मोबाइल फोन बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की थाना बेला पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मंडी रोड क्षेत्र में हुए कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। 

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने शुक्रवार को यहां बताया कि बीती 17 जनवरी की रात मंडी रोड निवासी अरविंद कुमार की उसके घर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में टीमों का गठन कर जब जांच शुरू की गई, तो मामला अवैध संबंधों से जुड़ा निकला। 

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त योगेंद्र शाक्य उर्फ पप्पू ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी प्रिया से उसके पिछले एक साल से प्रेम संबंध थे। वे दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन अरविंद उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। 17 जनवरी की रात योजना के अनुसार, प्रिया ने योगेंद्र को घर में बुलाकर कमरे में छिपा दिया। जब अरविंद नशे की हालत में घर लौटा और सो गया, तब योगेंद्र ने तमंचे से उसे गोली मार दी और फरार हो गया। 

शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भदौरा मोड़ के पास से मुख्य आरोपी योगेंद्र शाक्य को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा और खोखा एवं दो मोबाइल बरामद हुए। इसके बाद घटना में शामिल मृतक की पत्नी प्रिया को भी मंडी रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। 

इस सफल अनावरण में बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम, स्वाट/सर्विलान्स प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उ.नि. सुरेंद्र सिंह और महिला मुख्य आरक्षी पप्पी यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।  

संबंधित समाचार