परीक्षा के तनाव में 10वीं की छात्रा ने दी जान, सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर की जांच-पड़ताल
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ में बोर्ड परीक्षा के तनाव में हाईस्कूल की छात्रा ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय घर पर अकेली थी। मां व बड़ी बहन बाजार से लोटीं तो दरवाजा बंद पाया। कमरे में झांककर देखने पर छात्रा का शव लटका देखा। दरवाजा तोड़कर परिजन उसे कांशीराम ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची की।
बेकनगंज के रहने वाले फुरकान कबाड़ की फेरी लगाते हैं और दो दशक से जाजमऊ के बुढ़िया घाट पर किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। परिवार में पत्नी रोशनी बानो व पांच बेटियां हैं। जिसमें दो अविवाहित बेटियां हिना और सबसे छोटी 16 वर्षीय इकरा बानो साथ रहती थी। पिता ने बताया कि इकरा जेपीआरएन स्कूल से हाईस्कूल की छात्रा थी। बोर्ड परीक्षा के कारण इस समय वह पेपर व फाइल की तैयारियों में जुटी थी। उसका काफी काम अधूरा था, इसलिए तनाव में थी।
कई दिन से वह ठीक से खाना भी नहीं खा रही थी। इस पर परिजनों ने उसे डांटा भी था। बड़ी बहन हीना उसे पढ़ाती थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे उसकी मां व बहन लालबंगला बाजार गईं थी। इसबीच इकरा अकेली थी। करीब साढ़े छह बजे जब वह घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।
काफी आवाज लगाने पर दरवाजा नही खुला। इसी बीच पत्नी भी आ गईं। पड़ोसी बच्चों ने छत की दीवार फांदकर देखा तो इकरा फंदे से लटकी मिली। इस पर दरवाजा तोड़कर उसे तत्काल कांशीराम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा ने दुपट्टे से फांसी लगाई है। शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
