मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में जौनपुर अव्वल: डीएम को सीएम योगी करेंगे सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर युवा उद्यमी विकास योजना का सबसे अधिक लाभ युवाओं को देने वाले जौनपुर के जिला अधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 जनवरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश को वन ट्रिलियन डालर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में शासन द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। 

इसी के तहत प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश के युवाओं की पहली पसंद बन गयी है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक प्रदेश भर में करीब साढ़े तीन लाख आवेदन आ चुके हैं, जबकि शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 लाख 50 हजार लोन वितरित का लक्ष्य रखा है। 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को अपनी आकर्षित कर रही है और वह इससे जुड़कर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। वहीं योजना का लाभ शत प्रतिशत देने में पिछले कई माह से पूरे उत्तर प्रदेश में जौनपुर प्रथम स्थान पर है, दूसरे स्थान पर आजमगढ़ तथा तीसरे स्थान पर हरदोई रहा। 

उत्तर प्रदेश सरकार न केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, बल्कि उन्हे एक मजबूत उद्यमी बनने के लिए सक्षम बना रही है। इसी का असर है कि प्रदेश के युवा न केवल अपने व्यवसाय को बढ़ावा दे रहे हैं बल्कि समाज में एक सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

 इस योजना के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 लाख 50 हजार लक्ष्य के सापेक्ष अब तक पूरे प्रदेश से 3,34,337 युवा लोन के लिए आवेदन कर चुके हैं, जबकि 2,81,277 आवेदनों को बैंक को फॉरवर्ड कर दिया गया है। इनमें से 1,06,772 आवेदनों को बैंक ने लोन देने की स्वीकृति दे दी है, जबकि 1,03,353 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन वितरित किया जा चुका है। 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का शत प्रतिशत लाभ देने में पूरे प्रदेश में जाैनपुर ने आवेदकों को लोन वितरित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्रीजी की मंशा के अनुरूप जिले में विशेष अभियान चलाकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंकों से संपर्क कर लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिले को अभियान के तहत 2,500 युवाओं को लोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 8,240 आवेदन प्राप्त हुए, जिसके सापेक्ष 7,033 आवेदनों को बैंक को भेज दिया गया है। इनमें से 3,315 आवेदकों को लोन वितरित किया जा चुका है। 

ऐसे में लक्ष्य के सापेक्ष इसका रेश्यो 132.60 प्रतिशत है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि पूरे प्रदेश में जौनपुर ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के लक्ष्य से अधिक युवाओं को योजना का लाभ दिया है। इसी के साथ पूरे प्रदेश में शत प्रतिशत युवाओं को लोन वितरित करने में पहला स्थान प्राप्त किया है।  

संबंधित समाचार