सोनिया के साथ वरिष्ठ नेताओं की बैठक, संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें नेताओं के एकजुट होकर चलने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस बैठक में ऐसे कई नेता मौजूद रहे, जिन्होंने सक्रिय नेतृत्व और व्यापक संगठनात्मक बदलाव की मांग को लेकर पहले पत्र लिखा …

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें नेताओं के एकजुट होकर चलने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस बैठक में ऐसे कई नेता मौजूद रहे, जिन्होंने सक्रिय नेतृत्व और व्यापक संगठनात्मक बदलाव की मांग को लेकर पहले पत्र लिखा था।

बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल ने संवाददाताओं से कहा, ”बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई। सोनिया गांधी ने कहा कि हम बड़ा परिवार हैं और पार्टी को मजबूत करना है। यही बात राहुल गांधी ने कही।” बंसल ने कहा कि नए अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चा नहीं हुई क्योंकि इसको लेकर प्रक्रिया पहले से ही चल रही है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया, ”आज यह पहली बैठक थी। आगे ऐसी बैठकें और होंगी। शिमला और पंचमढ़ी की तर्ज पर चिंतन शिविर भी होगा।” उन्होंने कहा, ”अच्छे वातावरण में चर्चा हुई। पार्टी को मजबूत करने के लिए जो भी मुद्दे उठाए गए थे, उनका संज्ञान लिया जाएगा।

राहुल गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ए के एंटनी, अंबिका सोनी, अशोक गहलोत, पी चिदंबरम, कमलनाथ और हरीश रावत की मौजूदगी में पत्र लिखने वाले नेताओं की सोनिया से मुलाकात हुई। सोनिया के आवास 10 जनपथ पर हुई इस बैठक में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, शशि थरूर और कई अन्य नेता शामिल हुए। ये नेता पत्र लिखने वाले 23 नेताओं में शामिल थे।

संबंधित समाचार