मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का पवित्र दायित्व : ब्रजेश पाठक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे, यहां माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति जागरूक, निर्भीक और जिम्मेदार मतदाता होता है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का पवित्र दायित्व है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र महायज्ञ में जाति, धर्म, भ्रम व प्रलोभन से ऊपर उठकर निष्पक्ष भाग लेने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर अभियान में अपनी सक्रियता बढ़ाएं। 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले हर युवा का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। भारत का लोकतंत्र दुनिया के लिए एक आदर्श है, जहां जनता की सहभागिता से शासन व्यवस्था सशक्त बनती है।

निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर अभियान की सराहना कर कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने नाम का पंजीकरण सुनिश्चित करना चाहिए और मतदान की प्रक्रिया की सही जानकारी रखनी चाहिए। भाजपा हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए कार्य करती रही है।

उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट प्रणाली को पारदर्शिता और विश्वास का मजबूत प्रतीक बताया। वहीं, उन्होंने मतदाता अधिकार, युवाओं की भूमिका व लोकतंत्र की मजबूती पर युवाओं से संवाद किया। 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को तिरंगा भेंट कर उनका स्वागत किया।

वहीं, उप मुख्यमंत्री ने भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के राधे ग्रीन गेस्ट हाउस में आयोजित निजी कार्यक्रम में पहुंच कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरबान सिंह का पुरवा का निरीक्षण कर जनस्वास्थ्य सुविधाओं व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तीमारदारों से मुलाकात कर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता आदि के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। 

संबंधित समाचार