Moradabad: सड़क चौड़ीकरण अधूरा, एक साइड गहरी होने से हादसे का डर
कांठ, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग द्वारा मुरादाबाद हरिद्वार हाईवे पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य अधर में छोड़ने पर सड़क की एक साइड गहरी हो गई है। जिसके कारण जाम लगने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगभग 6 माह पूर्व लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया था। जो सहसपुर बॉर्डर से छजलैट तक होना है। पुराने रोडवेज पर कांठ से मुरादाबाद दिशा की ओर एक तरफ चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। पुराने रोडवेज से रसूलपुर रेलवे क्रासिंग तक की साइड में चौड़ीकरण का कार्य नहीं हुआ है। इस तरफ भूड़ टीवा मंदिर से रसूलपुर रेलवे क्रासिंग तक सड़क की खुदाई कर बजरी बिछा दी है। जो वर्षा के कारण जगह-जगह बैठने से गड्ढे भी हो गए हैं।
अब एक साइड गहरी होने के कारण अनेक लोडेड वाहनों के पहिए एक और बैठने से वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और वाहन फंसने के कारण घंटे जाम लगा रहता है। गन्ने से भरे ट्रक पलटने का भय बना रहता है। लोक निर्माण विभाग को एसडीएम कांठ ने आवश्यक स्थान पर सड़क चौड़ीकरण कार्य शीघ्र करने के निर्देश दिए थे।
वन विभाग से एनओसी नहीं ले पाया लोक निर्माण विभाग
रसूलपुर रेलवे क्रॉसिंग से छजलैट तक का मार्ग वनसंरक्षित क्षेत्र में आता है। लोक निर्माण विभाग वन विभाग से अभी तक एनओसी नहीं ले पाया है। कुछ समय पूर्व लोक निर्माण विभाग ने वन विभाग को एनओसी दिए बिना पूरा चोरी छिपे शुरू कर दिया था। जिस पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर ने जेसीबी को सीज कर दिया था। डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य बिना एनओसी दिए करना असंभव है।
