बाराबंकी : हूटर बजाते मिली ‘चाचा की गाड़ी’, 10 हजार चालान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। शहर के पटेल तिराहे पर राजनीतिक दल का झंडा लगाकर हूटर बजाते चल रही थार कार का दस हजार का चालान किया गया। बातचीत में चाचा की गाड़ी बताकर रौब बनाने की कोशिश की गई लेकिन कार चालान से नहीं बच सकी। 

शहर के व्यस्त पटेल तिराहे पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात पुलिस ने एक काली थार कार पर सख्त कार्रवाई की। राजनीतिक दल का झंडा लगाए और हूटर बजाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन कर रही इस कार को यातायात प्रभारी रामयतन ने तत्काल रुकवाया। 

बताया गया कि कार चालक मुंह में सिगरेट दबाए लापरवाही से वाहन चला रहा था और हूटर बजाकर आम लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर रहा था। जांच के दौरान वाहन से अवैध हूटर निकलवाया गया और नियमों के उल्लंघन के आरोप में 10 हजार का चालान किया गया। 

पूछताछ में चालक ने वाहन पर विधायक सचिवालय का पास लगे होने का दावा किया। वाहन के स्वामित्व के बारे में जानकारी मांगने पर चालक पहले टालमटोल करता रहा और बाद में इसे ‘चाचा की गाड़ी’ बताते हुए एक राजनीतिक काफिले की रील भी दिखाने लगा।

हालांकि, यातायात प्रभारी ने किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभाव को नजरअंदाज करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की। यातायात प्रभारी रामजतन ने बताया कि वाहन एक निजी व्यक्ति रिंकू लाल के नाम पंजीकृत पाया गया। निजी वाहन पर राजनीतिक झंडा लगाकर हूटर बजाना पूरी तरह अवैध है।

संबंधित समाचार