बदायूं : वाहनों की भिड़ंत में एक चालक की मौत, दूसरा घायल
वजीरगंज-बगरैन मार्ग पर गांव सरोरिया के पास हुआ था हादसा
वजीरगंज, अमृत विचार। वजीरगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर-बगरैन मार्ग पर दुग्ध वाहन और पिकअप की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई और दुग्ध वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव कुर्बी निवासी विनोद (30) पुत्र बलवीर अपने खुद के वाहन से जगह-जगह जाकर दूध खरीदकर बेचने का काम करते थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने गांव से दूध खरीदा और बगरैन लेकर जा रहे थे। बगरैन मार्ग पर बगरैन की ओर से आई मुर्गे लदी पिकअप आई। गांव सरोरिया के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में विनोद की मौत हो गई। दूसरे वाहन चालक गांव बगरैन निवासी अकबर पुत्र मस्सू गाड़ी में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने गाड़ी को काटकर अकबर को बाहर निकाला। इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मृतक के परिजनों में चीत्कार मचा है। वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में एक चालक की मौत हुई थी। दूसरे चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
