Bareilly : आज प्रत्येक बूथ पर अप्राप्त श्रेणी के मतदाताओं की सूची देख सकेंगे
बरेली, अमृत विचार। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 31 जनवरी को प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची एवं अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाने की व्यवस्था कराएं।
समस्त बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय से उपस्थित रहे। बूथ लेवल अधिकारियों के पास 6 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची, गणना अवधि के दौरान अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची, अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक व डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां उपलब्ध रहें, ताकि मतदाता अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें। मतदाताओं की सुविधा के लिए दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म 6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म 6 ए, फार्म 7 एवं फार्म 8 (घोषणा-पत्र सहित) पर्याप्त मात्रा में सभी बूथों पर उपलब्ध रहें।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मौके पर उपस्थित होकर नाम जोड़ने, संशोधन या विलोपन से संबंधित आवेदन निर्धारित प्रपत्रों पर प्रस्तुत करें। कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि समस्त बूथों पर कार्यवाही सम्पन्न हो।
बीएलओ के सहयोग के लिए आवश्यकता के अनुसार अन्य कार्मिकों की भी ड्यूटी लगाएं। बुक ए कॉल विथ बीएलओ से संबंधित प्रकरण किसी भी दिशा में 48 घंटे से अधिक लंबित न रहे। मतदाता सूची में शामिल न हो पाने वाले मतदाताओं में मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित व दोहरी प्रविष्ट के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे। सभी अपने बूथ पर पूर्वाह्न 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
